चंडीगढ़ , मई 04 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य की बिगड़ती प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिस्टम पूरी तरह चरमरा चुका है और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
कुमारी सैलजा ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दमकल विभाग की लंबी हड़ताल, फायर सिस्टम की विफलता और लापरवाही के कारण एक युवती की मौत होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बताते हुए कहा कि जब आपातकालीन सेवाएं ही ठप पड़ जाएं, तो सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठना लाजिमी है।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहरों में फैली गंदगी पर भी चिंता जताई। सड़कों पर कूड़े के ढेर और बढ़ते बीमारियों के खतरे को उन्होंने शहरी प्रबंधन की विफलता बताया। सैलजा ने कहा कि प्रदेश की जनता आज मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है, जबकि यह किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है।
सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि दमकल विभाग और नगर निकायों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं, जिससे कर्मचारियों पर अत्यधिक कार्यभार है। उनकी मांगों की अनदेखी करना सरकार की गैर जिम्मेदाराना नीति को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित