चंडीगढ़ , जून 26 -- राज्य सरकार ने खेल ग्रेडेशन नीति में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए हरियाणा राज्य खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी ग्रेडेशन का लाभ देने का फैसला किया है।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए हरियाणा ओलंपिक संघ के महासचिव एवं पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और खेल मंत्री गौरव गौतम का आभार जताया।
श्री पंवार ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत हरियाणा राज्य खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों सहित विभिन्न अवसरों में फायदा होगा। इन खेलों का आयोजन हरियाणा ओलंपिक संघ द्वारा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों के लिए लाभकारी साबित होगा। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और युवाओं का खेलों के प्रति रुझान भी बढ़ेगा। यह कदम हरियाणा में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खिलाड़ियों के हित में नीतियां लागू कर रही है।
नई खेल ग्रेडेशन व्यवस्था से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और हरियाणा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में अपनी अग्रणी पहचान को और मजबूत करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित