चंडीगढ़ , मार्च 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में 2,23,658.17 करोड़ रुपये का बजट पेश किया जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है।

मुख्यमंत्री ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव के सिद्धांत किरत कर नाम जप वंड छक से की। श्री सैनी के पास वित्त मंत्रालय का प्रभार भी है।

केसरिया पगड़ी पहनकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने करीब तीन घंटे 10 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा। बजट में घोषणा की गयी कि प्रदेश में एग्री डिस्कॉम नाम सेनया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन उपलब्ध कराये जाएंगे। नये जिले हांसी को आधुनिक जिले के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज 50 नयी इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा। ये बसें गुरुग्राम और चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक चलेंगी।

महिलाओं को प्रोत्साहन देते हुए घोषणा की गयी कि यदि कोई महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है, तो उसे टैक्स में एक प्रतिशत की छूट मिलेगी। पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया है और अगले वर्ष 1300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती की जाएगी।

दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाते हुए 25 सितंबर 2026 से उन परिवारों को भी लाभ देने की घोषणा की गयी है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है। इस योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित