चंडीगढ़ , मार्च 12 -- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाने वाली सुचित्रा देवी को पार्टी ने गुरुवा को निष्कासित कर दिया है। हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने अनुशासनहीनता और पार्टी नेतृत्व पर मिथ्या आरोप लगाने का हवाला देते हुए उनके निष्कासन के आदेश जारी किए हैं।
सुचित्रा देवी ने आरोप लगाया था कि रेवाड़ी जिले की बावल विधानसभा सीट से टिकट दिलाने के नाम पर कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं और उनके सहयोगियों ने उनसे करीब सात करोड़ रुपये लिए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने हाल ही में अपने पति गौरव कुमार के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर यह आरोप सार्वजनिक किए थे।
इस मामले में उनके पति गौरव कुमार ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को तीन पन्नों का एक शिकायती पत्र भेजकर संबंधित नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में टिकट दिलाने के नाम पर पैसे लेने का विस्तृत ब्योरा देने के साथ-साथ व्हाट्सएप चैट और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को भेजे गए हैं।
हालांकि अभी तक इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, सुचित्रा देवी का कहना है कि उन्होंने 19 दिन पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उनका दावा है कि टिकट के लिए पैसे लेने के आरोप पूरी तरह सच हैं और वे इस मामले को कानूनी तौर पर आगे बढ़ाएंगी।
वहीं, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव को करीब डेढ़ साल बीत चुके हैं और अब इस तरह के आरोप लगाना उनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित