चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2026 में 21 अक्टूबर तक 171 ट्रैप केस दर्ज किए गए हैं। इससे पहले वर्ष 2022 में 170 मामले दर्ज हुए थे। इस साल अब तक मामलों में 2025 के मुकाबले 21.3 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

एसीबी प्रमुख डॉ. एएस चावला ने कहा कि रिश्वत मांगने और लोगों को जानबूझकर सरकारी कार्यालयों के चक्कर कटवाने वाले अधिकारी-कर्मचारी ब्यूरो के रडार पर हैं। भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ब्यूरो के अनुसार, 1 जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक कुल 191 आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें 155 ट्रैप केसों में 16 राजपत्रित अधिकारियों, 131 अराजपत्रित कर्मचारियों और 25 निजी व्यक्तियों सहित 172 आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

इसी अवधि में 88 नई जांचें दर्ज की गईं। वहीं, 61 जांचें पूरी की गईं। इनमें से 16 जांचों के आधार पर 94 अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित