चंडीगढ़ , जून 06 -- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार राज्य अपराध के मामलों में देश में चौथे स्थान पर है। उन्होंने दावा किया कि संगीन अपराधों के मामले में भी हरियाणा अग्रणी राज्यों में शामिल है।

श्री गर्ग ने कहा कि बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में हरियाणा देश में पहले स्थान पर है, जबकि महिलाओं के खिलाफ अपराध दर के मामले में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों द्वारा लूटपाट, हत्या और फिरौती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन तीन से चार हत्याएं हो रही हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनके अनुसार कई अपराधी जेलों और विदेशों से अपने गिरोह संचालित कर रहे हैं तथा व्यापारी और उद्योगपतियों से फिरौती एवं मंथली की मांग कर रहे हैं।

श्री गर्ग ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के कारण नशे का कारोबार भी तेजी से फैल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध और नशे पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, नशा तस्करों पर सख्त अंकुश लगाने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और अमन-शांति कायम रह सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित