चंडीगढ़ , अगस्त 25 -- हरियाणा सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को विशेष सुविधा देते हुए हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की है। महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले 15 वर्ष तक के बच्चे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, मुफ्त बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं और उनके 15 वर्ष तक के बच्चे हरियाणा राज्य परिवहन की सामान्य बसों में राज्य के भीतर किसी भी स्थान से दूसरे स्थान तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। दिल्ली और चंडीगढ़ की यात्रा भी इस सुविधा में शामिल होगी।
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जिला महाप्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध रखने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित