रोहतक/पानीपत , जून 13 -- हरियाणा के पानीपत की एक महिला अधिशाषी अभियंता के 12 वर्षीय बेटे के अपहरण मामले में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गयी। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जो आरोपियों की सहयोगी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पानीपत निवासी अधिशाषी अभियंता सुनीता का 12 वर्षीय बेटा कबीर शुक्रवार शाम को घर से लापता हो गया था। आरोपियों ने उसका अपहरण कर परिजनों से डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। घटना के बाद पानीपत सीआईए-2, गोहाना पुलिस और रोहतक सदर थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गयी थीं।
जानकारी के अनुसार, अपहरणकर्ता पानीपत नंबर की डिजायर कार में बच्चे को लेकर फरार हो रहे थे। उनकी अवस्थिति शनिवार सुबह रोहतक जिले में मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी और पुलिस वाहन को टक्कर मारने का प्रयास भी किया।
पुलिस के दबाव में आने पर आरोपियों ने चलती कार से बच्चे को बाहर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित अपने अधीन लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। कार में मौजूद एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में एक छात्र के भी इस साजिश में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
शिकायत के अनुसार, सुश्री सुनीता 12 जून की शाम अपने बेटे कबीर को घर पर छोड़कर अपने कार्यालय गई थीं। रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौटने पर उन्हें कबीर घर पर नहीं मिला। तलाश के दौरान उनके पास एक व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई, जिसमें अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के बदले डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण की साजिश, अन्य सहयोगियों और वारदात के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित