पंचकूला , अगस्त 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार से पंचकूला पहुंची कांवड़-तिरंगा यात्रा के मद्देनजर यहां पुलिस ने कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अपराध एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने सोमवार को माजरी चौक पहुंचकर कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और यातायात प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ियों का फूलों से स्वागत किया और कांवड़-तिरंगा यात्रा को आगे के लिए रवाना किया। उन्होंने देशवासियों, प्रदेशवासियों और शिवभक्तों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
पुलिस आयुक्त पंकज नैन के नेतृत्व में कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
डीसीपी सिंह ने बताया कि कांवड़ शिविरों के आसपास विशेष प्रबंध किए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग की गई है तथा सड़क किनारे लगाए गए शिविरों के लिए निर्धारित दूरी का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने कांवड़ियों और आमजन से अपील की कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, अनुशासन और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने कांवड़ियों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस के निर्देशों में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने आम लोगों से भी यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित