हरिद्वार , मार्च 19 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के सिडकुल थाना परिसर बुधवार देर रात उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब पुराने विवाद में पूछताछ के लिए बुलाए गए दो पक्ष आपस में ही भिड़ गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसके संबंध में दोनों पक्षों ने थाना सिडकुल में प्रार्थना पत्र दिए थे। मामले की जांच के तहत कल दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।

बताया गया है कि पूछताछ के दौरान ही दोनों पक्षों के लोग आक्रामक हो गए और थाने में ही एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने और हंगामा करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित