मुरादाबाद , जून 30 -- रेल यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने साबरमती-हरिद्वार-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उत्तर रेलवे क्षेत्र में ट्रेन संख्या 09426 हरिद्वार-साबरमती के समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है। रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) महेश यादव ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के फेरों में विस्तार किए जाने से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात के रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होने बताया कि ट्रेन संख्या 09425 साबरमती-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल (प्रत्येक सोमवार) जो पहले 29 जून तक अधिसूचित थी, अब उसकी अवधि बढ़ाकर 6 जुलाई से 27 जुलाई तक कर दी गई है। वहीं, ट्रेन संख्या 09426 हरिद्वार-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल (प्रत्येक मंगलवार) जिसकी संचालन अवधि पूर्व में 30 जून तक थी, उसे अब विस्तारित कर 7 जुलाई से 28 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। दोनों ही दिशाओं में इस ट्रेन के 08-08 फेरे बढ़ाए गए हैं।
संशोधित समय-सारणी के मुताबिक ट्रेन संख्या 09425 साबरमती से शाम 18.45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12.20 बजे गुड़गांव, 12.40 बजे दिल्ली कैंट, दोपहर 14.00 बजे दिल्ली जंक्शन, दोपहर 15.05 बजे गाजियाबाद, शाम 15.45 बजे मेरठ सिटी, शाम 16.30 बजे मुजफ्फरनगर तथा रात 19.10 बजे रुड़की होते हुए रात 20.40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
उत्तर रेलवे मार्ग पर संशोधित समय के साथ वापसी में ट्रेन संख्या 09426 हरिद्वार से रात 21.30 बजे प्रस्थान करेगी और रात 22.30 बजे रुड़की, रात 23.43 बजे मुजफ्फरनगर, देर रात 00.38 बजे मेरठ सिटी, रात 02.28 बजे गाजियाबाद, तड़के 03.45 बजे दिल्ली जंक्शन, सुबह 04.26 बजे दिल्ली कैंट तथा सुबह 04.44 बजे गुड़गांव होते हुए अगले दिन रात 22.30 बजे साबरमती बीजी स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संशोधित समय-सारणी के अनुसार ही अपनी यात्रा का संयोजन करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित