हरिद्वार , सितंबर 05 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार को 76 पुलिसकर्मियों के तबादले किये गये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने जनपद की पुलिस व्यवस्था में फेरबदल करते हुए एक ही थाने अथवा कोतवाली में निर्धारित समयावधि पूर्ण कर चुके 76 पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण कर दिए हैं। स्थानांतरित किए गए पुलिसकर्मियों में कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानांतरण सूची के मुताबिक कोतवाली रानीपुर, सिडकुल, ज्वालापुर, बहादराबाद, मंगलौर, पथरी, कनखल, श्यामपुर, कोतवाली नगर, रुड़की, लक्सर, कलियर, भगवानपुर, खानपुर, गंगनहर, बुग्गावाला और झबरेड़ा समेत जिले के विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कोतवाली नगर और ज्वालापुर में सबसे अधिक पुलिसकर्मियों को नई तैनाती मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित