हरिद्वार , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड में जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 अप्रैल को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने शुक्रवार को बताया कि मेले में सिडकुल हरिद्वार एवं रुड़की क्षेत्र की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयां प्रतिभाग करेंगी। इनमें पल्स फार्मास्युटिकल्स प्रा. लि., रॉकमैन इंडस्ट्रीज लि, पाटिल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि., शिवानी ऑटोटेक लिमिटेड तथा परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स शामिल हैं। मेले के माध्यम से लगभग 260 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक, वायरमैन), डिप्लोमा सिविल तथा बी.फार्मा/ एम.फार्मा (तीन से पांचवर्ष का अनुभव) निर्धारित की गयी है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के बीच रखी गयी है।

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे 17 अप्रैल को अपने समस्त शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों के साथ-साथ सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र लेकर मेले में आयें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित