हरिद्वार , जून 11 -- उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की ओर से 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि हरिद्वार जिले के 53 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा संचालन के लिए नोडल अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे और आपसी समन्वय से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए सुगम प्रवेश-निकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा से पहले होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच कर किसी भी प्रकार की नकल या अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, जैमर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की जाए। परीक्षा के दिन सुबह आठ बजे से केंद्र परिसरों की सघन जांच और स्वच्छीकरण कराया जाएगा।

अभ्यर्थियों के प्रवेश के दौरान गहन तलाशी की जाएगी, जिसके लिए पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश केवल मुख्य द्वार से ही कराया जाएगा तथा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जिलाधिकारी ने परीक्षा अवधि में धारा 163 के कड़ाई से पालन के निर्देश देते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने को कहा। साथ ही परिवहन, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के ऑब्जर्वर मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित