हरिद्वार, दिसंबर 09 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिला में स्लीपर बसों की अनियमितताओं के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को चंडी चौक और बहादराबाद क्षेत्र में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के निर्देशन में संयुक्त टीम ने देर शाम तक सघन निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान अब तक 10 ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों को विभिन्न नियम उल्लंघनों में बंद कर दिया गया है, जबकि 50 से अधिक बसों का चालान किया गया।

जांच के दौरान टीम ने बसों में ओवरलोडिंग, बिना अनुमति किए गए संरचनात्मक परिवर्तन, परमिट की वैधता, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेज, फिटनेस और बीमा की स्थिति की जांच की। साथ ही यात्रियों की सूची भी देखी गई।

कई बसें दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी सहित विभिन्न रूटों पर नियमों का पालन किए बिना संचालित होती पाई गईं।

अधिकारियों ने बताया कि यात्री सुरक्षा और बस संचालन में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी सख़्ती से जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित