हरिद्वार , मई, 12 -- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित हाईस्कूल सेकेंड बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने मंगलवार को परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा-163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं।

प्रशासन के अनुसार सीबीएसई की दसवीं कक्षा की सेकेंड बोर्ड परीक्षाएं 15 मई 2026 से एक जून 2026 तक आयोजित होंगी। हरिद्वार नगर क्षेत्र में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्वालापुर, द विजडम ग्लोबल स्कूल, गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज, महर्षि विद्या मंदिर, शांति मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शिवडेल पब्लिक स्कूल, डीएपी सेंचुरी पब्लिक स्कूल तथा अचीवर होम पब्लिक स्कूल शामिल हैं।

नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बिना अनुमति पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस और धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि पर रोक रहेगी जिससे लोक शांति भंग होने की आशंका हो।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि प्रदूषण को भी पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। परीक्षा अवधि के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक लाउडस्पीकर या अन्य शोरगुल वाले उपकरणों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब, पेट्रोल या अन्य आपत्तिजनक सामग्री लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, सेलुलर फोन, पेजर एवं किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र परिसर में केवल ड्यूटी में तैनात अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस बल को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-223 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित