हरिद्वार , अक्टूबर 15 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं को जबरन भीख मांगकर परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए 31 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली नगर पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर शहर कोतवाल कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर अभियान चलाया। इस दौरान श्रद्धालुओं का रास्ता रोककर जबरन भीख मांगने और उन्हें परेशान करने के आरोप में 31 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित