हरिद्वार , अक्टूबर, 26 -- उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में लग्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए, जबकि तीन बसों को सीज किया गया। अभियान में बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, परमिट और यात्री सुरक्षा मानकों की जांच पर विशेष जोर दिया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने सोमवार को बताया कि सोमवार तड़के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी ने चेकिंग अभियान संचालित किया। इस दौरान संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी शामिल रहे, जिन्होंने बसों का तकनीकी निरीक्षण किया।

पड़ोसी राज्यों में हाल में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर परिवहन विभाग ने जांच अभियान तेज किया है। चेकिंग के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलाव और यात्री सुरक्षा से जुड़े मानकों के अनुपालन पर भी ध्यान दिया गया। सुरक्षित संचालन को प्रभावित करने वाली कमियां और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित