हरिद्वार , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में लग्जरी बसों के अनियमित संचालन पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लगातार तीसरे दिन रविवार तड़के भी चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज कर दिया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने रविवार को बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान बसों के पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इसके साथ ही निर्धारित यात्री क्षमता, परमिट की शर्तों तथा वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलावों की भी पड़ताल की गई। परिवहन विभाग ने तकनीकी सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया।
विभागीय अधिकारियों ने बस संचालकों और चालकों को वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा से खिलवाड़ करने और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, लग्जरी बसों के सुरक्षित और नियमसम्मत संचालन को सुनिश्चित करने तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित