हरिद्वार , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल किया गया और इस दौरान शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर काल्पनिक आपात स्थितियां निर्मित कर प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव टीमों की तत्परता का परीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल के तहत हर की पौड़ी पर गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से भगदड़ की स्थिति उत्पन्न होने का दृश्य बनाया गया। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के कारण अफरा-तफरी का माहौल दिखाया गया। इसी क्रम में भीमगोड़ा रेलवे टनल क्षेत्र में भारी वर्षा के चलते रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त होने और ट्रेनों के संचालन बाधित होने की स्थिति को भी अभ्यास में शामिल किया गया।

अपर बाजार क्षेत्र में बम विस्फोट की अफवाह फैलने तथा पंतद्वीप पार्किंग में अत्यधिक भीड़ के कारण उत्पन्न अव्यवस्था का भी परिदृश्य तैयार किया गया। इसके अतिरिक्त विष्णु घाट पर भारी वर्षा और टिहरी बांध से अधिक जल छोड़े जाने की काल्पनिक सूचना के बाद श्रद्धालुओं के बहने की आशंका के मद्देनज़र रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

इन सभी घटनाओं के दौरान आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, भीड़ को नियंत्रित करने और संचार व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए आपदा कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किये हैं, जिन पर किसी भी आपात स्थिति में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित