हरिद्वार , मार्च 12 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में चलाए जा रहे "नशामुक्त देवभूमि" और सघन सत्यापन अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने गुरुवार को नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए एक महिला स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की 5.92 ग्राम स्मैक, नकदी और एक मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान रहमतपुर रोड स्थित नई कॉलोनी के पास एक महिला पुलिस टीम को देखकर घबरा गई और खेतों की ओर जाने लगी। पुलिस ने शक होने पर उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने अपने पर्स में रखी पन्नी में स्मैक होने की बात स्वीकार की। जांच में पन्नी के अंदर भूरे रंग का नशीला पदार्थ मिला, जिसे स्मैक पाया गया।
पुलिस टीम ने मौके से महिला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 5.92 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से प्राप्त 2,920 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया। बरामदगी की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कर साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला पहले भी नशा तस्करी के मामलों में शामिल रही है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित