हरिद्वार , जून, 16 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय से स्वीप वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची संशोधन तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता से लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होती है।
स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत संचालित यह वाहन जनपद में निर्वाचन संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के संबंध में भी आमजन को जानकारी प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और इसके लिए जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक स्वीप अनिल चंद रमोला, नोडल अधिकारी स्वीप डॉ. संतोष चमोला तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित