देहरादून , नवंबर 10 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्य समिति बैठक कुंभनगरी हरिद्वार में आयोजित की जाएगी।
प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में संगठनिक कार्यक्रमों की कार्य योजना एवं 27 की चुनावी रणनीति पर मुहर लगाई जाएगी। जबकि इससे पहले मध्य माह में भी प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में दिसम्बर माह के कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी होगी।
मंगलवार को प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विस्तृत प्रदेश कार्य समिति 21 एवं 22 नवंबर को होगी। जिसमें 21 तारीख को प्रदेश सयुंक्त मोर्चा कार्य समिति बैठक होगी, जिसमें अब तक संपन्न एवं वर्तमान में संचालित सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा होगी। तदोपरान्त आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों एवं 2027 की चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इसी दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी संपन्न की जाएगी। जिसमें मोर्चों के सांगठनिक कार्यक्रमों के साथ साथ चुनावों में उनकी भूमिका को लेकर रणनीति निर्धारण किया जाएगा।
श्री चौहान ने बताया कि 21 नवम्बर शाम को प्रदेश पदाधिकारी बैठक भी होगी। दूसरे दिन 22 नवंबर को प्रदेश पदाधिकारी बैठक में निर्धारित आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना एवं चुनावी रणनीति पर मुहर लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसमें प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन एवं बांसुरी स्वराज के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट, महामंत्री संगठन फ़णींद्रनाथ शर्मा भी प्रमुख रूप से सहभागिता करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित