हरिद्वार , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अगुवाई में गुरुवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित ब्रीफिंग में जोनल और सेक्टर प्रभारियों समेत पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान स्नान पर्व के नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक (शहर) अभय सिंह ने भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी और संपूर्ण व्यवस्था को लेकर तैयार कार्ययोजना साझा की। वहीं एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयार प्लान को भीड़ के अनुसार समय-समय पर लागू करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का व्यक्तिगत निरीक्षण कर शेष कमियों को तत्काल दूर करें और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है, ऐसे में सभी अधिकारी और जवान मानसिक व शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार रहें।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को आठ जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी जोनल एवं सेक्टर अधिकारी स्नान समाप्ति तक अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे और प्रत्येक गतिविधि की जानकारी मेला कंट्रोल रूम को देते रहेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़क किनारे किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े कराए जाएंगे। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।
कंट्रोल रूम को निर्देशित किया गया है कि सीमावर्ती जिलों से ट्रैफिक की स्थिति की लगातार जानकारी लेकर आवश्यकतानुसार वैकल्पिक यातायात प्लान लागू किया जाए, ताकि जाम जैसी स्थिति से बचा जा सके।
स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, पीएसी, अर्धसैनिक बल, जल पुलिस, फायर सर्विस, डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता और आपदा राहत दल समेत बड़ी संख्या में बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त सीसीआर में खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित