हरिद्वार , मई 19 -- उत्तराखंड के हरिद्वार इलाके के श्यामपुर वन क्षेत्र से वन्यजीव अपराध का मंगलवार को एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। सजनपुर बीट में करीब दो साल के एक नर बाघ को जहर देकर मार डाला गया। इतना ही नहीं, शिकारियों ने बाघ के चारों पंजे भी काट लिए। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि बाघ को मारने के लिए आरोपियों ने मरी हुई भैंस का इस्तेमाल किया। पहले बाघ ने भैंस का शिकार किया था, जिसके बाद आरोपियों ने उसके शव पर जहरीला पदार्थ डाल दिया। जब बाघ दोबारा उसी शिकार को खाने पहुंचा तो जहर उसके लिए जानलेवा साबित हुआ।

वन विभाग को क्षेत्र में कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की एसओजी टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से बाघ का शव बरामद हुआ, जबकि पास में मृत भैंस भी पाई गई।

हरिद्वार डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने बाघ के पंजे काट लिए थे और आगे उसकी खाल तथा दांत निकालने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित