हरिद्वार , जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में हरिद्वार पुलिस की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षियों ने योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग शिविर में देव संस्कृति विश्वविद्यालय तथा गायत्री परिवार शांतिकुंज के योग आचार्यों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योग तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायक है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों को योग करने की सही तकनीकों से अवगत कराया गया तथा उन्हें दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। योग विशेषज्ञों ने कहा कि स्वस्थ तन और शांत मन के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के समापन पर निरीक्षक प्रवीन आलोक ने योग आचार्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा पुलिस बल को योग की बारीकियों से परिचित कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
योग प्रशिक्षण दल में देव संस्कृति विश्वविद्यालय और गायत्री परिवार शांतिकुंज से श्री अजय त्रिपाठी, डॉ. कमल किशोर यादव, डॉ. इन्द्राणी त्रिवेदी, अकुला ज्योतिका श्रेया और वंशिका शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों और युवा पीढ़ी को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित