हरिद्वार, अगस्त 09 -- हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में रविवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट कर जान से मारने की नीयत से उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार चार अगस्त को रानीपुर क्षेत्र के सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के पास जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बालिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से उसे एम्स ऋषिकेश स्थानांतरित किया गया।

पुलिस के अनुसार, बालिका ने अपने परिजनों और पुलिस को बताया कि तीन अगस्त को शेखर नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया तथा जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।

पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर रानीपुर पुलिस ने चार अगस्त को आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 275/26 दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ आरोपी की तलाश में सुरागरसी-पतारसी की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने आठ अगस्त को पुराना पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल, निवासी ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित