हरिद्वार , अगस्त 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में 'ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026' के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाली पुलिस ने 12.06 ग्राम स्मैक, जबकि रुड़की पुलिस ने एक किलो 278 ग्राम गांजा और 11 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।

नगर कोतवाली पुलिस ने दुधियावन तिराहे के पास चेकिंग के दौरान गीता कुटीर आश्रम की ओर से पैदल आ रहे संदिग्ध युवक सूरज कुमार निवासी कबाड़ी बस्ती, लालजीवाला को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 12.06 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में नशा सामग्री उपलब्ध कराने वाली एक महिला का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

उधर , रुड़की कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सारिक पुत्र शाहिद निवासी बागोवाली जमीयत कॉलोनी, सिसौना रोड, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक किलो 278 ग्राम अवैध गांजा और गांजा बेचकर अर्जित 11 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के 'ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026' के तहत जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित