हरिद्वार , सितंबर, 25 -- प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत उत्तराखंड के हरिद्वार में जल्द ही 37 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी तेज कर दी गई है। शुक्रवार को सीसीआर भवन में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में ई-बसों के प्रस्तावित मार्गों, बसों की तैनाती और संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार 9 मीटर लंबी, 30 सीटर और वातानुकूलित ई-बसों का संचालन एक सर्कुलर और सात फीडर मार्गों के नेटवर्क के माध्यम से किया जाएगा।

करीब 15 किलोमीटर के मुख्य नगर क्षेत्र में प्रस्तावित सर्कुलर सेवा हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, बीएचईएल सेक्टर-2, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, डामकोठी और तुलसी चौक होते हुए पुनः रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके अलावा रोशनाबाद, बहादराबाद, पतंजलि, धनपुरा, जगजीतपुर, शांतिकुंज और लालढांग क्षेत्रों को फीडर मार्गों के माध्यम से मुख्य नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित