हरिद्वार, अगस्त 21 -- त्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत चौपाल-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से प्रदेश में अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है, जबकि आठ हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांवों में प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा भी की।

हरिद्वार में चौपाल-2026 का आयोजन विकास भवन सभागार में हुआ। जहां रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी देखा गया। विधायक आदेश चौहान और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संयुक्त रूप से आईईसी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । यह वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), आरईएपी और ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाएगी।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उद्यमशाला योजना युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य हर घर तक स्वरोजगार के अवसर पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से योजना से जुड़कर अपने उद्यम स्थापित करने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि जिले में अब तक 600 से अधिक उद्यमियों को जीएसटी पंजीकरण, उद्यम रजिस्ट्रेशन, फूड लाइसेंस, ट्रेडमार्क सहित अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ दिया गया है। वहीं चार हजार से अधिक लोगों का योजना में नामांकन किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को चौपालों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित