हरिद्वार , फरवरी 17 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आज सुबह से व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों ने शहर से लेकर देहात तक अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, मजदूरों तथा अस्थायी रूप से रह रहे लोगों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने घर-घर जाकर पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की और बिना सत्यापन रह रहे लोगों की जानकारी दर्ज की। कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने गहन पूछताछ भी की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सत्यापन केवल औपचारिक प्रक्रिया न रहे, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की पृष्ठभूमि की गंभीरता से जांच की जाए।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि अपराध की संभावनाओं पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। साथ ही स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है कि वे अपने आसपास रहने वाले नए या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर चलता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित