हरिद्वार , अप्रैल 25 -- हरिद्वार में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रस्तावित घोषणा से पूर्व जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम त्रुटिवश मतदाता सूची से हटने नहीं दिया जाएगा।

जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पुनरीक्षण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की 11 विधानसभा क्षेत्रों में इस कार्य के लिए 11 ईआरओ, 64 एईआरओ तथा 1715 मतदेय स्थलों पर 213 बीएलओ/सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा व मतदेय स्थलवार अनुपस्थित, अन्यत्र स्थानांतरित तथा मृत मतदाताओं की एएसडी सूची तैयार कर सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा रही है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से सूची से हट गया हो तो वह प्रपत्र-6 के माध्यम से बीएलओ के पास आवेदन कर सकता है या ऑनलाइन प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ के सहयोग के लिए बीएलए-2 की तैनाती सुनिश्चित करें। इससे वास्तविक मतदाताओं की पहचान में आसानी होगी और गलत तरीके से नाम हटने की संभावना कम होगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो मतदाता अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनका निधन हो गया है, उनके नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। इसके लिए बीएलओ को पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित