हरिद्वार , जून 06 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को नेशनल हाईवे-58 क्षेत्र में ज्वालापुर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने आज कहा कि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र के छह खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन के मामले सामने आने पर दो खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए।

निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने तथा आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।

अभियान के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर एक चालान किया गया जबकि दो खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई भी की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कहा कि जनपद में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच एवं निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित