हरिद्वार , सितंबर 02 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में अगले वर्ष हाेने वाले कुंभ मेला को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

बुधवार को सिटी कंट्रोल रूम (सीसीआर) हरिद्वार में यातायात नियंत्रण उपसमिति की बैठक आयोजित की गई। शासन की ओर से गत मार्च में गठित इस उपसमिति के अध्यक्ष हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह हैं। बैठक में कुंभ के दौरान संभावित यातायात दबाव, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और पैदल मार्गों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि अगले साल होने वाले कुंभ के दौरान हर अखाड़ा सदस्य और श्रद्धालु की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए संभावित यातायात चुनौतियों का पहले से आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। विभिन्न विभागों और संबंधित स्टेकहोल्डरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए प्रस्तावित पैदल मार्गों की भी समीक्षा की गई। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और मार्गों को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समिति कुंभ के विशाल जनसमागम को ध्यान में रखते हुए यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत रणनीति तैयार करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित