हरिद्वार , सितंबर 08 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत अवस्थापना विकास कार्यों को स्थानीय जरूरतों और जनसुविधाओं के अनुरूप अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है।
इसी कड़ी में मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को शंकर आश्रम चौक से ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र तक स्थलीय निरीक्षण कर निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
उन्होंने शंकर आश्रम चौक और अवधूत मंडल मार्ग पर सड़क सुधार एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कहा कि कुंभ की तैयारियों में स्थानीय लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय मांग के अनुरूप सड़क के मध्य डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया। प्रमुख मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों तक श्रद्धालुओं के सुगम पैदल आवागमन के लिए फुटपाथ विकसित किए जाएंगे। साथ ही जरूरत के अनुसार प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को चौराहों के सुधार कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों से टॉयलेट और पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में सहयोग मांगा। भूमि उपलब्ध होने पर क्षेत्र में सतही पार्किंग और शौचालय की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्थानीय लोगों की मांग पर अवधूत मंडल मार्ग के मध्य रेलिंग और लाइट पोस्ट लगाने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक के निरीक्षण के दौरान सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने चौक से लगे नालों की सफाई कराने और आवश्यकता के अनुसार उन्हें ढकने के निर्देश दिए। इसके बाद ज्वालापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सड़क सुधार, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने को कहा। जटवाड़ा पुल क्षेत्र में भी प्रस्तावित कार्यों की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि मेला प्रशासन और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी क्षेत्र में जाकर स्थानीय लोगों से लगातार संवाद करें, ताकि कुंभ से जुड़े विकास कार्य केवल आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि भविष्य में भी शहरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित हों।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम की पार्षद मोनिका सैनी, पार्षद राजेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा सहित सागर अरोड़ा, जयकिशन विरमानी, सुमित मल्होत्रा, भारत तनेजा, धीरेंद्र गुप्ता, रवि शंकर, सुरेश शर्मा, हेमंत चावला, राजू गुप्ता, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष कुमार सिंह, सीओ यूके मलिक, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश समेत संबंधित विभागों के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित