हरिद्वार , अगस्त 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा और भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए जिले में शुक्रवार से मरम्मत कार्य तेज कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज सप्तसरोवर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ काम पूरा करने को कहा गया है।

उन्होंने पुराना एआरटीओ से भारत माता मंदिर मार्ग तथा आयरिश पुल के समीप धोबी घाट (बैरागी कैंप) मार्ग पर चल रहे टाइल्स निर्माण और सड़क मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में कांवड़ यात्रा और भारी बारिश से क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग समेत प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा किया जाना है। इसके लिए संबंधित विभागों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा है कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने तथा अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत के साथ जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार किया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा। जिलाधिकारी ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित