हरिद्वार , अप्रैल, 10 -- कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा शुक्रवार को अपने प्रदेश दौरे के तहत हरिद्वार पहुंचीं और जयराम आश्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की स्थिति का जायजा लिया।

पत्रकारों से मुख़ातिब होते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और नेताओं से लगातार संवाद जारी है और उन्हें जमीनी स्तर पर सकारात्मक फीडबैक मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी आगामी समय में एक और व्यापक दौरा करेगी, जिसमें अन्य क्षेत्रों में भी कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव के मूड में है और कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए तैयार है। कार्यकर्ताओं में भी सरकार बनाने को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है।

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं और दलितों के उत्पीड़न के मामलों को लेकरभी चिंता जताई और कहा कि आम जनता इन परिस्थितियों से परेशान है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में भाषा का स्तर गिरा है, जो भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसी राजनीति का जवाब अपने मत के माध्यम से देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित