हरिद्वार , मई 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वारा के कोतवाली कनखल क्षेत्र में सक्रिय कथित पिल्ला गैंग के खिलाफ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रविवार को एक सदस्य को गिरफ्तार किया , जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही मारपीट और आपसी वर्चस्व की लड़ाई की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सादे वस्त्रों में पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। जांच में सामने आया कि कुछ युवक सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर झगड़े कर रहे थे और दहशत फैलाने के लिए उनके वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर रहे थे।

इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान 10 अप्रैल 2026 को हुई मारपीट की घटना में नामजद 11 संदिग्धों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगजीतपुर (कनखल) के इंदुपुरम कॉलोनी निवासी आर्यन सैनी (19 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इसके अलावा, पुलिस ने दोपहिया वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए आठ मोटरसाइकिलों को सीज किया है, जो संदिग्ध गतिविधियों में प्रयुक्त हो रही थीं।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित