हरिद्वार , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बंगलादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है।

गुरुवार को पुलिस ने जानकारी दी कि बुधवार को सत्यापन अभियान के दौरान वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद इंस्टीट्यूट के पास एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम बदलकर स्वीटी बताया लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असल पहचान सहेला बेगम, निवासी कुमीला (बंगलादेश) के रूप में सामने आई।

जांच में खुलासा हुआ कि महिला वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से श्यामदास के संपर्क में आई और भारत पहुंची। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद वह अवैध रूप से दिल्ली और बाद में हरिद्वार में रहने लगी। इस दौरान उसने श्यामदास की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और विवाह प्रमाण पत्र जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए।

पुलिस ने महिला के कब्जे से बंगलादेश मूल का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड बरामद किए हैं। साथ ही, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग करने वाले छत्तीसगढ़ निवासी श्यामदास को भी गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भी पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित