हरिद्वार , मार्च 31 -- उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत एक अप्रैल से वृहद स्वच्छता अभियान"शुरू किया जाएगा। इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में मंगलवार को बैठक आयोजित की गई, जिसमें 37 विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार, जो कि यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है, वहां स्वच्छता और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप यह अभियान केवल औपचारिक न होकर जनसहभागिता से जनआंदोलन का रूप लेगा।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय निकायों,स्वयंसेवी संस्थाओं,सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएं। अभियान के तहत नगर निगम, नगर पालिकाएं, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख सड़कें, वन क्षेत्र, पर्यटन व धार्मिक स्थल, आश्रम, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र, औद्योगिक क्षेत्र और सभी शैक्षणिक संस्थानों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा से पूर्व प्रमुख हाईवे, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निजी विद्यालयों को अभियान से जोड़ते हुए छात्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि यह संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों, संगठनों और आमजन से सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श प्रवेश द्वार बनाया जा सकता है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डी.के. चंद सहित सभी तहसीलों और विकासखंडों के नोडल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित