हरिद्वार , सितंबर, 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में ई-रिक्शा में सवार युवक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर नुकीली वस्तु के बल पर लूटपाट करने के मामले का रानीपुर पुलिस ने सोमवार खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल ई-रिक्शा चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 10 हजार रुपये की नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का फर्सा, एंगल और ई-रिक्शा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात सिडकुल स्थित राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए पवन कुमार ई-रिक्शा में सवार हुआ था। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो अन्य युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास मौजूद करीब 10 हजार रुपये की नकदी, बैग, कपड़े, जूते तथा जरूरी दस्तावेज लूट लिए।

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ पुराने अपराधियों से पूछताछ और अन्य सुराग जुटाए।

इसी कड़ी में देर रात पुलिस टीम को लीडो क्लब जाने वाले कच्चे रास्ते पर एकांत स्थान में खड़े ई-रिक्शा में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पूछताछ और तलाशी में उनके पास से 10 हजार रुपये की नकदी, पीड़ित के आधार कार्ड और पैन कार्ड, चमड़े के जूते तथा लोहे का फर्सा और एंगल बरामद हुआ। ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात के समय अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते और वहां डरा-धमकाकर लूटपाट करते थे। पूछताछ के दौरान लूटी गई जीन्स भी बरामद हुई, जिसे आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत ने घटना के बाद पहन लिया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लालच, नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार (19), विजय (20) और आयुष उर्फ अनिकेत (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं और वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में किराये के मकानों में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय के खिलाफ रानीपुर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है। तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित