हरिद्वार , अक्टूबर 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के भगवानपुर में आदित्य उर्फ आदि राणा की हत्या के मामले का पुलिस ने शनिवार को मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या आपसी विवाद के चलते की गई थी। घटना में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, एक अक्टूबर को सागर पुत्र रविंद्र राणा निवासी भगवानपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अनिल शर्मा, उसके पुत्र राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की ने आदित्य उर्फ आदि राणा को अपने घर बुलाकर देशी तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मामले में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर 3 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और उनकी संलिप्तता सामने आने का दावा किया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। विवाद के निस्तारण के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक को अपने घर बुलाया, जहां कथित तौर पर घटना को अंजाम दिया गया। मामले में आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिरासत में लिए गए आरोपी अनिल शर्मा पुत्र रामपाल, राहुल शर्मा पुत्र अनिल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की पुत्र अनिल शर्मा निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर, हरिद्वार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित