हरिद्वार, अक्टूबर, 12 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। प्रस्तावों के परीक्षण और विचार-विमर्श के बाद मंत्रिमंडल महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है।

बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का पूजन करेंगे। इसके बाद केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में मंत्रिमंडल की बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के विकास, जनहित और विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

हरिद्वार में होने वाली इस बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल की मुहर लगने को लेकर निगाहें टिकी हैं। हालांकि, किन प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी और सरकार क्या निर्णय लेगी, इसकी आधिकारिक तस्वीर बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित