मंगलौर/हरिद्वार , मई 12 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस एवं सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 78 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलौर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस सतर्कता के साथ निगरानी कर रही है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित