हरिद्वार , जुलाई 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में गौकशी करने वालों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 200 किलोग्राम गोमांस, चार गोवंशीय खुर और गौकशी में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य उपकरण बरामद किये हैं। मामले में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में सूचना मिली थी कि ग्राम सिकंदरपुर से चांचक जाने वाले टावर मार्ग पर स्थित एक पोपलर के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी खेत से भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी बिलाल पुत्र खलील निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल, थाना भगवानपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित