हरिद्वार , अगस्त 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां पुलिस लाइन में राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में पुलिस अधीक्षक अपराध सुश्री निशा यादव ने ध्वजारोहण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह में पुलिस कर्मियों को मिष्ठान वितरित कर उन्हें जनता की सेवा में और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक एवं प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कर्तव्य निर्वहन के लिए जिले के 18 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विभिन्न श्रेणियों में चयन किया गया। मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक (विशिष्ट कार्य) के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और पुलिस अधीक्षक अभय कुमार सिंह को चयनित किया गया।

पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क 'गोल्ड' (सेवा के आधार पर) के लिए सीओ शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ संजय चौहान और निरीक्षक गोविंद कुमार को सम्मानित किया गया।

वहीं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क 'सिल्वर' (विशिष्ट कार्य) के लिए फायर सर्विस चालक अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक शाहजाद अली, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, आरक्षी आबिद, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, मुख्य आरक्षी मंगल सिंह, आरक्षी नरेंद्र नेगी, आरक्षी दीपक चंद्र, आरक्षी हर्ष उनियाल, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, मुख्य आरक्षी अंकित रावत और आरक्षी नितिन कुमार का चयन किया गया। मुख्य आरक्षी राकेश कुमार को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र के लिए चयनित किया गया।

इससे पूर्व 26 जनवरी 2026 के अवसर पर भी हरिद्वार जिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया था। पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क 'सिल्वर' (विशिष्ट कार्य) के लिए एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव, एएसपी सिटी अभय कुमार सिंह, निरीक्षक शांति कुमार, निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, फायरमैन दिनेश कुमार, आरक्षी राहुल आर्या और आरक्षी दीप गौड़ को चयनित किया गया था।

पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क 'गोल्ड' (सेवा के आधार पर) के लिए सीओ सुरेंद्र प्रसाद बलूनी तथा 'सिल्वर' श्रेणी में निरीक्षक हितेश कुमार और हेड कांस्टेबल पूर्ण सिंह रावत को सम्मानित किया गया था।

क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में ध्वजारोहण किया। इसके अलावा जिले के सभी थानों एवं पुलिस कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित