हरिद्वार , मई 28 -- उत्तराखंड में हरिद्वार कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एक नाबालिगा के अपहरण के आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार गत 20 मई को लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना कोतवाली रानीपुर में दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पता चला कि अंकुश पुत्र रमेश निवासी लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ लुधियाना, पंजाब ले गया है।

इसके बाद पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी अंकुश को लुधियाना स्थित पंजाब माता मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 19 मई को नाबालिग को अपने साथ लुधियाना ले गया था, जहां उसने उससे विवाह कर लिया और दोनों किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कराने और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराओं की बढ़ोत्तरी कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित