हरिद्वार , जून, 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में हाल ही में मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। जमालपुर खुर्द निवासी राहुल ने अपनी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके अलावा महादेव पुरम फेस-2 निवासी आकाश तथा ज्वालापुर निवासी कामरान ने भी अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तीनों मामलों में कोतवाली रानीपुर में मुकदमे पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया। जांच के दौरान पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र चौराहे पर जांच अभियान के दौरान आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चार स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उसने बहादराबाद थाना क्षेत्र से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस जांच में संबंधित मामला थाना बहादराबाद में दर्ज पाया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार पुत्र विजयपाल, निवासी झबरपुर थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित