हरिद्वार, मार्च 27 -- उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो गौ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार जिंदा गोवंश बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने शुक्रवार को जानकारी दी कि बॉर्डर क्षेत्रों में सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मोहम्मदपुर झाल नहर पटरी, पुरकाजी बॉर्डर पर तैनात किया गया था।

चेकिंग के दौरान एक महिंद्रा पिकअप चालक ने पुलिस को देखकर घबराहट में वाहन को खेतों की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और करीब 100 मीटर की दूरी पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार जिंदा गायें अत्यंत दयनीय अवस्था में ठूंस-ठूंस कर भरी हुई मिलीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन गोवंश को उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के जोहड़ी गांव से लाकर मंगलौर क्षेत्र में ले जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों नसीम और सोनू शर्मा निवासी ग्राम जोहड़ी, थाना बिनोली, जिला बागपत को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित