हरिद्वार , अगस्त 24 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में 17 से 19 अगस्त तक आयोजित 24वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में हरिद्वार पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म कुश्ती प्रतियोगिताओं में हरिद्वार पुलिस की टीम ने कई पदक अपने नाम किए। टीम रैंकिंग में हरिद्वार पुलिस ने कुश्ती में द्वितीय और आर्म कुश्ती में तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम के सदस्य और कोचिंग स्टाफ ट्रॉफी लेकर सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंचे। यहां एसएसपी नवनीत सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अभी से तैयारियां मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन को खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महिला कुश्ती में हरिद्वार पुलिस की चार महिला कांस्टेबलों ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम, कविता बुटोला ने 68 किलोग्राम, भारती रावत ने 72 किलोग्राम और रजनी बिष्ट ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
आर्म कुश्ती में पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम और भारती रावत ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कविता बुटोला ने 70 प्लस किलोग्राम तथा रजनी बिष्ट ने 76 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया।
बॉडी बिल्डिंग में भी हरिद्वार पुलिस की कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूजा भट्ट ने कुश्ती, आर्म कुश्ती और बॉडी बिल्डिंग तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर टीम के प्रदर्शन को खास बना दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित